
हल्द्वानी। परिवहन निगम ने त्योहार को देखते हुए तैयारी तेज कर दी है। रोडवेज में अक्तूबर के महीने में करीब 135 बसों का बेड़ा शामिल हो सकता है। इन बसों की बाडी तैयार करने काम जयपुर और फरीदाबाद में चल रहा है।
परिवहन निगम में काफी समय से बसों की कमी बनी हुई थी। इसके अलावा अक्तूबर से त्योहार का सीजन शुरू होने जा रहा है। इसके मद्देनजर परिवहन निगम ने नई बसों का बेड़ा शामिल करने की योजना बनाई है। इसके तहत पहाड़ से लेकर मैदान तक आवश्यकतानुसार छोटी-बड़ी बसों का बेड़ा शामिल करने का फैसला लिया गया है। इसकी शुरुआत सितंबर के आखिरी सप्ताह से हो जाएगी। मैदान के रूटों के लिए 54 सीटर 80 बसें खरीदी जा रही हैं। पहाड़ के लिए 36 और 35 सीटर क्रमश: 48 और 33 बसे भी ली जाएंगी। जीएम आपरेशन दीपक जैन ने बताया कि प्रारंभिक तौर अभी नैनीताल रीजन को 50, टनकपुर को 35 और शेष बसें गढ़वाल में देने की योजना है।
मेरठ और मुजफ्फरनगर को सेवा सामान्य
हल्द्वानी। नैनीताल रीजन के आरएम एचएम डबराल ने बताया कि मेरठ को एक और मुजफ्फरनगर को दो बसें चलाई जा रही थीं, जिन्हें यूपी में दंगे को देखते हुए बंद कर दिया था, इन्हें दोबारा शुरू कर दिया है।
