12 हजार मीट्रिक टन निर्माण सामग्री पकड़ी

बड़सर(हमीरपुर)। सिरहाली खड्ड कुर्याह में अवैध रूप से रखी गई 12 हजार मीट्रिक टन निर्माण सामग्री पकड़ी गई। निर्माण सामग्री में पत्थर, रेता बजरी खड्ड में डंप कर रखा हुआ था। एसडीएम बड़सर की अगुवाई में माइनिंग अधिकारी एवं डीएसपी बड़सर ने शुक्रवार शाम साढ़े तीन बजे कार्रवाई की तथा निर्माण साम्रग्री जब्त की। प्रशासन ने अवैध खनन करने वालों पर शिकंजा कस दिया है। सोमवार को 12 बजे निर्माण सामग्री की नीलामी कर दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के व्यक्ति ने अवैध खनन तथा सामग्री डंप करने की शिकायत उपायुक्त हमीरपुर से की थी। उपायुक्त के आदेशों पर एसडीएम बड़सर अक्षय सूद, डीएसपी एलएम शर्मा तथा माइनिंग अधिकारी राजेश कालिया ने शुक्रवार शाम को सिरहाली खडड कुर्याह में पहुंचे। खड्ड से इक्कठा करके पत्थर, बजरी तथा रेता के डंप लगाए हुए थे। इसमें 8 हजार मीट्रिक टन पत्थर तथा चार हजार मीट्रिक टन रेता एवं बजरी के डंप लगे थे। इस सामग्री के लिए किसी ने अपना दावा नहीं जताया।
गौर रहे सिरहाली खड्ड में खनन पर रोक लगाई गई है। इसके बावजूद चोरी छिपे अवैध खनन हो रहा है। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए निर्माण सामग्री को जब्त कर लिया गया। सोमवार को इसकी विधिवत नीलामी की जाएगी। एसडीएम बड़सर अक्षय सूद ने बताया कि खड्ड में 12 हजार मीट्रिक टन निर्माण सामग्री रखी हुई थी। सोमवार को इसकी विधिवत नीलामी कर दी जाएगी।

Related posts