11 के छात्र को टीचर ने पीटा

हल्द्वानी। गौजाजाली स्थित हिमालया सीनियर सेकेंडरी स्कूल के ग्यारहवीं के छात्र चित्रांशु गुप्ता की बृहस्पतिवार सुबह क्लास टीचर ने पिटाई कर दी। शिकायत पर परिजनों ने पहले मंडी चौकी में आरोपी टीचर के खिलाफ शिकायत दी। बाद में परिजनों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया। स्कूल प्रबंधन ने आरोपी टीचर को स्कूल से सस्पेंड कर दिया है।
पूर्वाह्न करीब 11 बजे गौलाजाली निवासी पीड़ित छात्र चित्रांशु के परिजन कुछ स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ स्कूल पहुंचे। उन्होंने 11 कक्षा के एक टीचर सोनू पंत के खिलाफ चित्रांशु को बुरी तरह पीटने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मामूली बात पर चित्रांशु की पिटाई की गई जबकि उसकी कोई गलती नहीं थी। शिकायत के बाद स्कूल प्रबंधन ने आरोपी टीचर को स्कूल से सस्पेंड कर दिया है। मंडी चौकी प्रभारी नीरज भाकुनी ने बताया कि सुबह चित्रांशु के परिजन स्कूल टीचर सोनू पंत की शिकायत लेकर चौकी आए थे। उनकी शिकायत दर्ज कर ली गई है, जांच की जा रही है।

Related posts