01 लाख लोगों ने गलत भर दिए फार्म!

01 लाख लोगों ने गलत भर दिए फार्म!
अर्की (सोलन)। इसे लोगों में जागरूकता की कमी कहें या फिर विभागीय अधिकारियों की कोताही! एक अनुमान के मुताबिक खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अर्की उपमंडल समेत जिला सोलन में करीब एक लाख आवेदकों ने नए राशनकार्ड फार्म गलत भर दिए हैं। अब गलत फार्म भरने वालों को दोबारा से फार्म भरना होगा, साथ ही आधार और पुराने राशन कार्ड की फोटोस्टेट संलग्न करनी होगी।
20 जनवरी राशन कार्ड के फार्म भरने की अंतिम तिथि है। ऐसे में लोगों को इस संदर्भ में अभी जानकारी मिलने पर रोष है। फार्म भरने की प्रक्रिया को लेकर लोगों ने सवाल उठाना शुरू कर दिए हैं। स्थानीय समाजसेवी देव राज गर्ग, मंझयाट के अशोक कुमार, दिनेश कुमार, हरीश कुमार, किशोर शर्मा, हेमराज, लेख राम, कृष्ण चंद, जीत राम, राम लाल, सुदेश कुमार, बलवंत, चंदु राम, चंपा देवी, बली राम, दिला राम, अजय कुमार, संतोष, जगत राम और संदीप आदि ने स्पष्ट दिशा निर्देशों के अभाव में आए दिन नई औपचारिकताएं पूरी करने के फरमान जारी करने का विरोध करते हुए जिला प्रशासन से स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की है। वहीं फार्म के साथ फोटोस्टेट प्रतिलिपियां संलग्न करने की बाध्यता हटाए जाने की मांग की है। जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उधर, अर्की उपमंडल के तहत सभी 45 पंचायतों में नए फार्म भर कर पंचायत सचिवों के पास जमा कर रहे हैं। जिसमें 80 प्रतिशत लोगों ने अपने फार्र्म भर कर जमा कर दिए हैं।

गलत फार्म भरने पर ही फरमान लागू
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक जेएस वर्मा ने कहा कि गलत फार्म भरने वालों पर ही यह फरमान लागू हो रहे हैं। संबंधित डिपो होल्डर से इस संबंध में जानकारी हासिल की जा सकती है। अगर फार्म पर आधार कार्ड नंबर या पुराने राशन कार्ड का नंबर गलत है, तभी दोनों दस्तावेजों की फोटोस्टेट कापी संलग्न करने की बात कही जा रही है।

Related posts