ह्यूंद का दिना, फिर बौड़ि ऐ गिन..

सतपुली। नयारघाटी पंचायत महोत्सव के चौथे दिन मंगलेश डंगवाल और संगीता ढौंढियाल का जादू दर्शकों के सिर चढ़कर बोला। दोनों लोक कलाकारों के गीतों पर लोग देर तक झूमते रहे। इससे पूर्व पंचायत महोत्सव के चौथे दिन का शुभारंभ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक तीरथ सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलेश डंगवाल द्वारा गाए भजन ‘जै हो तेरी जगदंबा…’ से हुई। इसके बाद डंगवाल एवं गायिका संगीता ढौंढियाल द्वारा गाए युगल गीत ‘तांदी घासू काटी…’ और ‘मेरी छौंदाड़ी…’ पर दर्शक भाव विभोर होकर झूमने लगे। डंगवाल के गाए ‘माया बांद..’, ‘सिल्की बांद..’, ‘लबरा छोरी..’, ‘मेरी सुभागा सजीली..’, और संगीता ढौंढियाल के ‘ह्यूंद का दिना..’ एवं ‘मी घास काटूलू..’ पर दर्शकों ने खूब ठुमके लगाए। उत्तराखंड में इस साल आई आपदा पर आधारित डंगवाल के गाए गीत ‘क्या ह्वैगे हमसे भूल..’ गाकर दर्शकों की आंखें नम कर दी। इन गीतों पर नृत्य कलाकारों की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने जमकर सराहा।
इससे पूर्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक तीरथ सिंह रावत ने कार्यक्रम के उद्घाटन के दौरान राज्य सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि सूबे में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो चुके हैं। संवेदनहीन हो चुकी राज्य सरकार का विकास से कोसों दूर तक कोई नाता नहीं है। आपदा की घड़ी में भी सरकार का एक मंत्री आपदाग्रस्त क्षेत्रों में गुलछर्रे उड़ा रहा था। मनोहरलाल खंतवाल की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम का संचालन संतोष जोशी ने किया। इस मौके पर आयोजक जगदंबा डंगवाल, प्रताप सिंह नेगी, विशंभर बौंठियाल, प्रेम पंाडे, मोहन रावत, राकेश डोबरियाल और उम्मेद सिंह रावत आदि मौजूद थे।

पंचायत महोत्सव में आज
पंचायत महोत्सव के पांचवें दिन प्रख्यात लोक गायक चंद्र सिंह राही एवं साथियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

Related posts