
संतोषगढ़ (ऊना)। एसडी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल संतोषगढ़ में विज्ञान संकाय में प्रदेश भर में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बारहवीं कक्षा के छात्र गोविंद गर्ग को लैपटॉप देकर स्कूल प्रशासन ने सम्मानित किया। गोविंद गर्ग पुत्र राजेश कुमार ने बारहवीं कक्षा की विज्ञान संकाय की परीक्षा में प्रदेशभर में 500 में से 480 अंक प्राप्त कर प्रदेश में तृतीय एवं जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रधानाचार्य आरपी शर्मा ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए सभी छात्रों को गोविंद गर्ग की तरह मेहनत करनी चाहिए। इस विद्यालय का बारहवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम पिछले वर्ष भी शत प्रतिशत था और इस वर्ष भी तीनों संकायों का परीक्षा परिणाम 100 फीसदी रहा है। आरपी शर्मा ने गोविंद गर्ग की इस उपलब्धि के लिए उसे और उसके अध्यापकों एवं अभिभावकों को स्कूल प्रशासन की तरफ से बधाई दी है। इस मौके पर उप प्रधानाचार्य इकबाल सिंह सिद्धू, स्कूल प्रबंधन समिति के सचिव शिवकांत पराशर, शिक्षक राजीव भारद्वाज, विनय कुमारी, शरत चंद्र, शालिनी कपिला सहित दूसरे शिक्षक भी उपस्थित रहे।
