
नादौन (हमीरपुर)। पंचायत समिति नादौन की बैठक समिति की चेयरपर्सन वर्षा भारद्वाज की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पंचायत समिति के माध्यम से विभिन्न पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई तथा 13वें वित्त आयोग के माध्यम से उपलब्ध करवाई गई 21 लाख रुपये की राशि से करवाए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की गई। बैठक में हिम ऊर्जा ने विभिन्न पंचायतों में लगाई सोलर लाइटों की गुणवत्ता तथा उनके रख-रखाव के प्रति पंचायत समिति सदस्यों ने गहरा रोष प्रकट किया। सदस्यों के अनुसार लाइटें लगाने के कुछ ही समय बाद खराब हो जा रही हैं तथा इनकी रिपेयर के लिए हिम ऊर्जा विभाग ने उचित प्रबंध नहीं किया है। इस कारण लोगों में भी भारी रोष है। बैठक में हिम ऊर्जा से इस संबंध में जवाब मांगा गया है।
बैठक में निर्णय लिया गया है कि रामलीला मैदान नादौन में कोई भी कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पंचायत समिति की अनुमति लेना आवश्यक होगा तथा किसी भी कार्यक्रम के लिए प्रतिदिन 2100 रुपये शुल्क के तौर पर लेने पर भी सहमति जताई गई। नादौन में मंचित होने वाली ऐतिहासिक रामलीला के लिए 10 दिनों तक किसी अन्य कार्यक्रम को अनुमति नहीं देने पर सहमति जताई गई है। बैठक में जिन विभागों के विभागाध्यक्ष या प्रतिनिधि अनुपस्थित रहे उनसे जवाब मांगा गया है। बैठक के दौरान पंचायत सचिव जोलसप्पड़ के बारे में निर्णय लेते हुए उन्हें राहत प्रदान की गई है जबकि पंचायत सचिव बसारल के मामले को उपायुक्त हमीरपुर के पास भेजने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर समिति की वाइस चेयरपर्सन रेखा बेदी, जिला परिषद उपाध्यक्ष चौधरी चंदू लाल, प्रियतोष निशु सहित पंचायत समिति सदस्य व कई विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। खंड विकास अधिकारी संजीव ठाकुर ने बताया कि समिति की आगामी बैठक 26 फरवरी को तय की गई है।
