
नालागढ़ (सोलन)। रोपड़ मार्ग पर एक बैंक के समीप चंदेल हार्डवेयर शॉप में मंगलवार मध्यरात्रि अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान राख होने का दावा किया जा रहा है। सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों की टीम ने 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस मामले में दुकान के मालिक का कहना है कि वह जब भी दुकान बंद करके अपने घर जाता है तो वह बिजली का मेन स्विच ऑफ करके जाता है।
सूचना मिलते ही दमकल कर्मचारी दो वाहनों सहित मौके पर पहुंचे, जिसमें लीडिंग फायरमैन राजाराम, गृहरक्षक रविंद्र सिंह, संतराम, रामलोक, चालक बलविंद्र सिंह, प्रदीप कुमार और कृष्ण चंद शामिल थे, जिन्होंने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया और करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आगजनी की घटना में दुकान में रखे रस्से, प्लास्टिक सामान, जूट, प्लास्टिक की पाइपें, तिरपाल, मोटरें, टोका मशीन, ड्रील मशीन, गैस चूल्हा भट्टी आदि जलकर राख हो गए। चंदेल हार्डवेयर दुकान के मालिक मंझौली निवासी कश्मीर सिंह ने कहा कि पंद्रह लाख का नुकसान हुआ है। दमकल विभाग नालागढ़ के कार्यकारी अग्निशमन अधिकारी केवल सिंह ने कहा कि आग से करीब 10 से 15 लाख रुपये का सामान जला है और आग में जले सामान का आंकलन लगाया जा रहा है, जबकि आसपास की करीब 50 लाख रुपये की संपत्ति जलने से बचाई गई है।
