हापला घाटी में डेढ़ वर्ष से नहीं हुई केरोसिन की आपूर्ति

गोपेश्वर। जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में मिट्टी तेल की आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों को लकड़ी से चूल्हों में खाना पकाना पड़ रहा है। पोखरी ब्लॉक की हापला घाटी के भदूड़ा, संगूड़, गंजेड़, त्रिशुला, काफलपाणी, ढामक, सेम, सांकरी, आलीसाल, पाडुली, और नैल ऐंथा गांव में पिछले वर्ष पांच जून के बाद से मिट्टी तेल का आवंटन नहीं हो पाया है।
ग्रामीण कई बार एसडीएम से भी अपनी समस्या को रख चुके हैं, लेकिन अधिकारियों के कान में जूं तक नहीं रेंग रहे हैं। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अवधेश सिंह, मनवीर सिंह रावत, ताजवर भंडारी, रामप्रसाद और सुरेशी देवी का कहना है कि सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों में मिट्टी तेल के लिए ग्रामीण प्रतिमाह पहुंच रहे हैं, लेकिन ग्रेन डीलर मिट्टी तेल न पहुंचने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
सभी क्षेत्रों में नियमित मिट्टी तेल भेजा जा रहा है। हो सकता है सड़क क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र में तेल नहीं पहुंचा होगा। बिना रसोई गैस वाले राशन कार्ड धारकों को पांच लीटर मिट्टी तेल दिया जाता है। यहां क्यों मिट्टी तेल नहीं पहुंचा, इसे दिखवाया जाएगा। – आरएस राणा, जिला पूर्ति अधिकारी, चमोली।

Related posts