
इलाहाबाद। हाईटेक बदमाशों ने एक बार फिर फर्जी चेकों से हेराफेरी कर लाखों का चूना लगा दिया। गिरोह ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रिसर्च सेंटर का पूरा खाता ही खाली कर दिया। सात चेकों के जरिए कर्मचारियों की तनख्वाह और शोध छात्रों की फेलोशिप के तीस लाख 22 हजार रुपए उड़ा दिए गए। लाखों की रकम कानपुर, ग्वालियर के खातों में ट्रांसफर हुई। इविवि कर्मियों की तनख्वाह पर डाका पड़ने पर बुधवार को हंगामा मच गया। मामले का पता चलने पर बैंक अधिकारियों के भी होश उड़ गए। बुधवार को खातों और चेकों की जांच शुरू हो गई। इविवि अधिकारियों ने कर्नलगंज थाने में तहरीर देकर केस दर्ज कराया है। इसके अलावा गिरोह ने इविवि के एक कर्मचारी और महिला कांस्टेबिल के खाते को भी खाली कर दिया।
कृषि मंत्रालय की ओर से एग्रो इकानॉमिक रिसर्च सेंटर चलाया जा रहा है। इसका संचालन इलाहाबाद विश्वविद्यालय द्वारा किया जाता है। एग्रो इकोनॉमिक रिसर्च सेंटर का खाता स्टेट बैंक आफ इंडिया की विवि शाखा में है। इसी एकाउंट के जरिए कर्मचारियों की तनख्वाह और शोध छात्रों की फेलोशिप के रुपए आते हैं। गिरोह ने इसी खाते को निशाने पर लिया। फर्जी चेकों के जरिए खाते से रकम दूसरे एकाउंट में ट्रांसफर कर दी। गिरोह ने एक-एक कर सात चेक कैश कराए। कुछ रुपए कानपुर के दो खातों में पहुंची जबकि शेष रुपये ग्वालियर के एक खाते में ट्रांसफर हुए। एकाउंट खाली होता गया और बैंक तथा इविवि अधिकारियों को इसका पता नहीं चला। तनख्वाह बंटने का वक्त आया तो एकाउंट खाली होने का पता चला। बुधवार को मामले को लेकर हंगामा मच गया। मामले में प्रोफेसर रामेन्दु राय ने कर्नलगंज थाने में तहरीर देकर केस दर्ज कराया है।
पीए के खाते से भी ढाई लाख गायब
इलाहाबाद। साइबर क्रिमनलों ने डीएसडब्ल्यू के पीए वेद प्रकाश सिंह के खाते को भी खाली कर दिया। गिरोह ने एसबीआई के एकाउंट से ढाई लाख की रकम पार की। यह रकम भी फर्जी चेकों के जरिए निकाली गई। रकम ग्वालियर के एक खाते में ट्रांसफर हुई। वेद प्रकाश का खाता भी एसबीआई की विवि शाखा में है। चेक पर हस्ताक्षर किसके थे, इसे लेकर जांच की जा रही है। उन्होंने भी कर्नलगंज थाने में तहरीर देकर केस दर्ज कराया है।
महिला कांस्टेबिल को भी लगा चूना
इलाहाबाद। महिला थाने में तैनात सिपाही शांति श्रीवास्तव को भी गिरोह ने चूना लगाया है। उनका खाता भी एसबीआई की मुख्य शाखा में है। शांति ने पांच नवंबर को नई चेकबुक इशु कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। चेक बुक शांति को तो नहीं मिली लेकिन बदमाशों ने उसी चेक बुक के जरिए उसके खाते से एक लाख पांच हजार आठ सौ रुपए निकाल लिए। बुधवार को शांति ने बैंक से डिटेल जानी तो रुपए निकाले जाने की जानकारी हुई। शांति ने भी कर्नलगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
फर्जी होगा ग्वालियर के मनोज जैन का खाता
इलाहाबाद। इविवि, पीए और महिला कांस्टेबिल के खाते से उड़ाई गई लाखों की रकम में ज्यादातर रुपए ग्वालियर के एक खाते के मार्फत निकाली गई। ग्वालियर में मनोज जैन के नाम से खाता खोला गया था, जिसमें फर्जी चेकों के जरिए रुपए कैश हुए। अब पुलिस मान रही है कि मनौज जैन का खाता फर्जी आईडी पर खोला गया होगा। जैसे ही रुपए ट्रांसफर होते उस खाते से निकाल लिए जाते थे। पुलिस ग्वालियर और कानपुर के खातों को खंगाल रही है।
चेकों से करोड़ों उड़ाए
जार्जटाउन में कोरियर एजेंसी चलाने वाले युवकों ने चेक चोरी कर करोड़ों रुपए कैश कराए थे
एलआईसी के चेक स्कैन कर 45 लाख रुपए निकाल लिए गए थे
कोतवाली और सिविल लाइंस में शिक्षा विभाग के बाबू ने फर्जी चेकों के जरिए 27 लाख निकाले थे
गिरोह ने लखनऊ के जिला विद्यालय निरीक्षक के खाते से आठ लाख उड़ाए थे
केस दर्ज हो गया है, जांच कराई जा रही है। ऐसे मामलों में बैंक अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद ही कार्रवाई होगी।
मोहित अग्रवाल, एसएसपी
खाते से लाखों रुपए निकाले गए हैं। चेकबुक सेंटर को नहीं मिली थी। बैंक से ही गड़बड़ी हुई है। बैंक से भी जानकारी मांगी गई है।
प्रोफेसर रामेन्दु रॉय, हेड रिसर्च सेंटर
होशियार रहें, चूके तो लगेगा चूना
एकाउंट की जानकारी अनजान शख्स को न दें
चेकबुक इशु कराते वक्त विशेष एहतियात बरतें
इंटरनेट और फोन के जरिए एकाउंट नंबर किसी को न बताएं
इनाम के लालच में खातों की जानकारी किसी को न दें
एटीएम कार्ड किसी अंजान शख्स को न थमाएं
एहतियात बरतें, एटीएम का नंबर जानकर हो जाएगी खरीदारी
मोबाइल एसएमएस एलर्ट जरूर लगवाएं
