हर गतिविधियां होगी सीसीटीवी कैमरे में कैद

नालागढ़ (सोलन)। उपमंडल के सबसे बड़े नालागढ़ अस्पताल में अब होने वाली गतिविधियों पर सीसीटीवी की नजरें रहेगी। अस्पताल के प्रवेश द्वार से लेकर पूछताछ कक्ष तक छह सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं और यहां होने वाली हर गतिविधि कैमरे में कैद होगी। अस्पताल प्रशासन का मानना है कि इन सीसीटीवी कैमरे लगाने के पीछे असामाजिक तत्वों पर नकेल कसना और अस्पताल में अनुशासन बनाना प्रमुख है। इसी के दृष्टिगत अस्पताल प्रशासन ने सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जगह तलाशी और रोगी कल्याण समिति के माध्यम से यह कैमरे स्थापित कर दिए, जिसका मुख्य कंट्रोल रूम बीएमओ कार्यालय में रखा गया है।

इन स्थलों पर लगे हैं कैमरे
सीसीटीवी कैमरे अस्पताल के प्रवेश द्वार, प्रसूति कक्ष के बाहर, ओपीडी के बाहर प्रतीक्षालय कक्ष में, नर्सिज रूम, आपातकालीन कक्ष, पूछताछ केंद्र में स्थापित किए गए हैं। इन्हीं मुख्य जगहों पर अस्पताल में आने वाले लोगों की अधिक भीड़ रहती है। नालागढ़ अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 600 ओपीडी होती है और मरीजों के अलावा उनके साथ तीमारदार और अन्य लोगों का अस्पताल में आवागमन रहता है। इतनी भीड़ में असामाजिक तत्व भी घुस आते हैं और अस्पताल में किसी भी प्रकार की अनहोनी रोकने, असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने और अस्पताल में अनुशासन बनाने के दृष्टिगत इन सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं।

अनुशासन भी रहेगा बना हुआ
बीएमओ डा. हरमोहिंदर सिंह ने कहा कि अस्पताल में आने वाले लोगों के साथ कई बार असामाजिक तत्व भी आते हैं, जिन पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने अनिवार्य थे। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरों से जहां असामाजिक तत्वों पर नजर रहेगी, वहीं अस्पताल में भी अनुशासन भी बना रहेगा।

Related posts