
धर्मपुर(सोलन)। एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे एक व्यक्ति का शातिराना अंदाज में एटीएम कार्ड बदल दिया गया। मौका पाते ही उसके खाते से 70000 की रकम निकाल ली गई। शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। इसकी पुष्टि धर्मपुर थाना प्रभारी पीएस पंवार ने की है।
पुलिस में दर्ज शिकायत में प्रभावित शम्मी आहलूवालिया ने बताया कि 18 अगस्त को शाम चार बजे वह एटीएम से पैसे निकालने गया था। उसने अपना कार्ड मशीन पर रखा और पैसे गिनने लगा। इतने में उसके पीछे खड़े शातिर ने चतुराई से कार्ड बदल डाला। आहलूवालिया को बाद में पता चला कि उसके खाते से 70 हजार रुपये गायब थे। प्रभावित डगशाई का निवासी है।
