
ऊना। कोटला कलां का राधा कृष्ण मंदिर हरे राम हरे कृष्ण हरे हरे की धुन से गुंजायमान हो उठा। सैकड़ों महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने संत बाबा बाल के सुर से सुर मिलाते हुए माहौल को भक्तिमय बना दिया। राधा कृष्ण मंदिर में चल रहे धार्मिक समागम के संत बाबा बाल ने अमृत वर्षा से सबको निहाल कर दिया। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की मौजूदगी में राधा कृष्ण मंदिर में सैकड़ों लोग जुटे और प्रभु सिमरन का अपार आनंद उठाया। कड़े सुरक्षा घेरे में ऊना पहुंचे प्रकाश सिंह बादल को राधा कृष्ण मंदिर ले जाया गया। संत बाबा बाल ने जब अमृत वर्षा शुरू की तो मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी बाबा बाल के प्रवचनों को सुनते रहे। बाबा बाल ने ध्रुव भक्त की कथा का वर्णन करते हुए एक महान संत के गुणों और उन्हें जीवन में ढालने का सुंदर व्याख्यान किया। बाबा बाल ने कहा कि जिसे मां का आशीर्वाद प्राप्त हुआ, उसे दुनिया में कोई भी ताकत हरा और डुबा नहीं सकती। अच्छे कर्म ही व्यक्ति को महान बनाते हैं। बुरे कर्मों से उबरने का मार्ग प्रभु सिमरन है। इस दौरान बाबा बाल ने मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री मदन मोहन मित्तल, विधायक रणधीर शर्मा, वीरेंद्र कंवर, भाजपा नेता राम कुमार, शोभा राणा, एसजीपीसी सदस्य दलजीत सिंह भिंडर, संतोष सैणी समेत अन्य को सम्मानित भी किया।
