बृजलाल के बयान पर भड़की भाजपा

जुब्बल (शिमला)। जुब्बल कोटखाई भाजपा मंडल और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि कैलाश फेडरेशन के चेयरमैन बृजलाल के बयान पर बिफर गए हैं। बृजलाल ने पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा पर एंटी हेलगन में गड़बड़ी करने के आरोप लगाए हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष लायक राम चौहान, मंडल महामंत्री उमेश शर्मा, क्यारी पंचायत प्रधान द्रोपती चौहान, बगाहर पंचायत प्रधान संतोष, शिल्ली पंचायत प्रधान राकेश डोगरा, पराली पंचायत प्रधान योगिता तथा थरोला पंचायत प्रधान शर्मीला ने कैलाश फेडरेशन के चेयरमैन बृजलाल के बयान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री नरेंद्र बरागटा सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। जबकि, बृजलाल अनापशनाप बयानबाजी करके कांग्रेस में अपनी राजनीति चमका रहे हैं। बृजलाल की ओर से नरेंद्र बरागटा पर लगाए आरोप दुर्भाग्यपूर्ण हैं। बृजलाल को एंटी हेलगन रास नहीं आ रही। जबकि, हजारों बागवानों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिलकर एंटी हेलगन को फिर से चलाने का आग्रह किया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर बृजलाल ने अपने बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो उनके खिलाफ न्यायालय में मानहानि का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पूर्व बागवानी मंत्री के नेतृत्व में हिमाचल में सेब की बागवानी को एक नई दिशा मिली है। आज जब सेब के दाम बुरी तरह गिर चुके हैं और बागवान को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में विदेशी सेब पर आयात शुल्क शून्य कर दिया गया। जबकि, कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में सेब पर आयात शुल्क 150 प्रतिशत करने तथा सेब को विशेष फल का दर्जा दिलाने की बात कही थी। लेकिन, केंद्र की कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण सेब के दामों में गिरावट आई है। बागवानों को सेब का सही दाम नहीं मिल रहा है। अब कांग्रेस नेता विदेशी सेब पर अंकुश लगाने के स्थान पर घटिया राजनीति कर रहे हैं।

Related posts