हमीरपुर में बढ़ा सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ

हमीरपुर। हमीरपुर में सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ पिछले वर्ष के मुकाबले बढ़ा है। चार माह के भीतर डेढ़ दर्जन से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। वर्ष 2013 के चार माह के दौरान ही विभिन्न सड़क हादसों में 19 लोगों की मौत हो चुकी है। 46 घायल हुए हैं। अधिकतर सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार सामने आया है।
वर्ष 2012 के आंकड़ों पर नजर दौड़ाई जाए तो करीब एक दर्जन सड़क दुर्घटनाएं हुईं थीं। लेकिन वर्ष 2013 के मात्र चार माह में ही सड़क दुर्घटनाओं का आंकड़ा गत वर्ष के आंकड़े को पार कर गया है। जनवरी माह के भीतर पांच लोगों की मौत हो चुकी है। बसारल में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक व्यक्ति और नादौन बस अड्डा परिसर में बस को धक्का देकर स्टार्ट करने के दौरान दो लोग मौत का शिकार हो गए थे। वहीं सुजानपुर में एक बच्ची ट्रक की चपेट में आकर मर गई थी। भिड़ा में एक कार चालक ने युवक को टक्कर मार दी थी। इससे युवक की मौके पर मौत हो गई। दस प्रवासी मजदूर हाल ही में सड़क हादसे में मौत का ग्रास बने हैं। इसके अतिरिक्त 46 अन्य लोग विभिन्न सड़क हादसों में घायल हो चुके हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं ओवरलोडिंग और तेज गति में वाहन दौड़ाने से हुई हैं। हालांकि समय समय पर बिगड़ैल वाहन चालकों के चालान भी किए जाते हैं। इसके बावजूद वाहन चालक नियमों को ताक पर रखकर वाहन दौड़ाते हैं। इसका खामियाजा जान गंवाकर लोगों को चुकाना पड़ता है। एसपी जगत राम ने कहा कि अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अवहेलना करने से होती हैं। बताया कि ऐसे वाहन चालकों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चलाया है।

Related posts