
सोलन। अब प्रदेश पथ परिवहन निगम की बसों की सीट की बुकिंग डाकघर में भी होगी। सोलन और सिरमौर में व्यवस्था शुरू हो चुकी है। शुरूआती दौर में सुविधा लंबी दूरी की बसों के यात्रियों को दी गई है। सोलन प्रखंड के डाक अधीक्षक बीआर कौशल ने इस सुविधा की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि यात्रियों को अब टिकट के लिए बस स्टैंड के रिजर्वेशन काउंटर पर नहीं जाना पडे़गा। इंटरनेट से अंजान लोगों भी परेशानी नहीं होगी। अगर आपके घर के समीप डाकघर है तो आपकी सीट झटपट बुक हो जाएगी। एडवांस में यात्री टिकट बुक करवा सकेंगे। विभाग उन्हें सीट नंबर भी जारी कर देगा।
इंटर स्टेट रूट की बुकिंग बाद में
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल लांग रूट के यात्रियों के लिए सुविधा प्रदान की जा रही है। यदि कवायद रंग लाई तो इंटर स्टेट रूट की बसों की बुकिंग भी मुख्य डाकघरों के माध्यम से होगी। सोलन और नाहन के मुख्य डाकघरों में अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था की जा रही है।
रद भी हो सकती है बुकिंग
यदि किसी कारणवश यात्रा तिथि में परिवर्तन होता है तो टिकट रद करवाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लंबे रूट में अक्सर यात्रियों को सीटें नहीं मिलती हैं। बुकिंग करवाने से सीट नंबर पहले ही जारी कर दिया जाएगा। इससे यात्री आसानी से बैठकर सफर का आनंद ले सकेंगे।
यह होंगे ट्रांजेक्शन चार्जेस
पेसेंजर संख्या रुपये
0-1 06
2-3 12
4-6 18
