
अंब (ऊना)। क्षेत्र के गांव नकड़ोह में पंजाब के गुरदासपुर जिले के दो युवकों को एक गाड़ी में रॉडों और लाठियों के साथ दबोचा गया है। पुलिस ने युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है, जबकि मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है। उक्त युवकों को स्थानीय लोगों ने संदिग्ध गतिविधियों के चलते दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया है। युवकों का हथियार लेकर क्षेत्र में घूमने के पीछे क्या मकसद था, इसकी छानबीन में पुलिस जुट गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार देर रात मनोहर लाल उर्फ बंटी पुत्र मुख्तयार सिंह निवासी राम नगर नकड़ोह तहसील अंब जिला ऊना जब अपने ढाबे को बंद करके अंदर सो रहे थे तो उसी दौरान ढाबे के अंदर कुछ गिरने की आवाज आई, उन्होंने तुरंत उठकर देखा कि दो व्यक्ति ढाबे के अंदर से भाग कर बाहर खड़ी मारुति कार में बैठ गए हैं। उसी समय मौके पर पंचायत प्रधान गुरमुख सिंह भी आ गए और उन दोनों ने उक्त दोनों युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान सोनू उर्फ सुखविंद्र सिंह निवासी वार्ड नंबर एक मकान नंबर 184, डेरा बाबा नानक रोड शेखपुरा मोहल्ला वडाला जिला गुरदासपुर पंजाब एवं जसबीर सिंह पुत्र सौदागर सिंह निवासी अलीबाग रोड वडाला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया तथा पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें पुलिस को रॉड एवं डंडे मिले। इसके चलते पुलिस ने दोनों युवकों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 379 और 511 के तहत केस दर्ज कर लिया है, जबकि मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है। एसपी अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों युवकों से पूछताछ आरंभ कर दी है।
