
चंबा। उपायुक्त संदीप कदम ने बताया कि पवित्र मणिमहेश यात्रा के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि मणिमहेश यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का ब्योरा प्रशासन के पास उपलब्ध रहे, इसके लिए प्रशासन ने विशेष मुहिम शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का चंबा-भरमौर मार्ग पर कलसुईं और हड़सर के पास पंजीकरण होगा। इसके लिए कलसुईं और हड़सर में विशेष पंजीकरण कक्ष स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजीकरण फार्म वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू एचपी चंबा.एनआईसी. इन पर डाउनलोड किए जा सकते हैं। इसके अलावा किहार, होली, बाथरी और चुवाड़ी में फार्म उपलब्ध करवाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कलसुईं और हड़सर में पंजीकरण के बाद श्रद्धालुओं को स्लिप दी जाएगी। यह स्लिप यात्रा से लौटते वक्त कलसुईं और हड़सर में ही जमा करवानी होगी। उन्होंने आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में सैन्य मदद भी ली जा सकती है।
31 तक गैस एजेंसी में जमा करवाएं आधार और बैंक खाता
उपायुक्त ने बताया कि उपभोक्ताओं को एलपीजी के प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण का फायदा दिए जाने के मकसद से आधार कार्ड व बैंक खाता संख्या जमा करवाने बारे जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ता 31 अगस्त तक अपने आधार कार्ड व बैंक खाता गैस एजेंसी के पास जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि इसके लिए अब एसएमएस भी भेजे जा रहे हैं।
