स्वां चैनलाइजेशन बढ़ाने पर सहमति

ऊना। स्वां तटीकरण योजना के तीसरे चरण के काम को तेजी प्रदान करने के लिए पंजाब के आईपीएच विभाग के प्रधान सचिव सर्वेश कौशल के नेतृत्व में उच्च स्तरीय टीम ने नंगल में हिमाचल के आईपीएच विभाग के आला अफसरों के साथ बैठक की। बैठक में पंजाब के चीफ इंजीनियर (ड्रेनेज़) विनोद चौधरी एवं अधीक्षण अभियंता (ड्रेनेज़) बराड़ और हिमाचल के इंजीनियर इन चीफ (प्रोजेक्ट) एमएस कंवर, अधीक्षण अभियंता स्वां तटीकरण प्रोजेक्ट एनएम सैनी एवं अधिशाषी अभियंता हरिंद्र भारद्वाज शामिल हुए।
बैठक में पंजाब के अधिकारियों ने संतोषगढ़ से आगे ढाई किलोमीटर पंजाब की सीमा में पड़ने वाले क्षेत्र में स्वां तटीकरण के लिए एनओसी देने पर सहमति प्रदान की। केंद्रीय जल आयोग ने यह शर्त रखी थी कि स्वां तटीकरण के तीसरे चरण में संतोषगढ़ के आगे तटीकरण के लिए पैसा तभी जारी होगा। जब पंजाब भी अपने काम को आगे बढ़ाएगा।
केंद्रीय जल आयोग की शर्त के बाद प्रदेश सरकार ने पंजाब सरकार पर इस मामले में कदम बढ़ाने का आग्रह किया था और इसे लेकर लगातार दबाव भी बनाया था। पंजाब के आला अफसरों की टीम ने नंगल में बैठक के बाद संतोषगढ़ का दौरा करके स्वां तटीकरण के कार्य को देखा। पंजाब सरकार मार्च तक केंद्र सरकार से यह प्रोजेक्ट स्वीकृत करवाने की भरसक कोशिश करेगी। पंजाब के अधिकारियों ने कहा कि स्वां तटीकरण की दिशा में हिमाचल सरकार ने जो काम किया है, वह काम पंजाब को बहुत पहले कर लेना चाहिए था।

Related posts