स्कूटर की टक्कर से महिला की मौत

हमीरपुर। सदर थाना के अंतर्गत कैहडरू में एक स्कूटर सवार ने महिला को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर लाया गया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया लेकिन घायल महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। स्कूटर चालक दुर्घटना के बाद से फरार है तथा पुलिस ने स्कूटर चालक के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रीतो देवी (70 वर्ष) और उसकी बेटी रीता देवी कैहडरू में सड़क किनारे किसी काम से पैदल जा रही थी। इतने में एक स्कूटर चालक ने प्रीतो देवी को तेज गति में टक्कर मार दी। हादसे के दौरान स्कूटर पर तीन युवक सवार बताए जा रहे थे, दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गए। हादसे के बाद प्रीतो देवी को गंभीर हाल में क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसे प्राथमिक उपचार देने के पश्चात पीजीआई रेफर किया गया लेकिन घायल महिला ने पीजीआई पहुंचने से पहले ही लठियाणी के समीप दम तोड़ दिया। पुलिस ने दुर्घटना स्थल का जायजा लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
उधर, पुलिस अधीक्षक जगत राम का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्जकर स्कूटर सवार की छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts