सूअर के हमले में दो लोग घायल

भगेड़/घुमारवीं (बिलासपुर)। गोली लगने के कारण घायल हुए जंगली सूअर ने चांदपुर से सटे कोठी में प्रवासियों की बस्ती में हमला बोल दिया। सोमवार शाम हुई इस घटना में सूअर के हमले से दो लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए बिलासपुर अस्पताल ले जाना पड़ा। प्रवासियों के टेंट में सूअर घुसा तो परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वन विभाग ने घायलों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की बात कही है।
सोमवार को किसी शिकारी की गोली से घायल हुआ सूअर चांदपुर के समीप कोठी में बनी प्रवासियों की बस्ती में घुस गया। एक टेंट के भीतर घुसकर सूअर ने राजेंद्र कुमार (35) और बारू (30) को बुरी तरह से नोच दिया। घायलों को 108 एंबुलेंस में जिला अस्पताल ले गए। हालांकि उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई है। पंजाब के मनसा मंडी के ये प्रवासी परिवार पिछले 15 साल से बिलासपुर में मजदूरी कर रहे हैं। टेंटों में रहकर परिवार पाल रहे हैं। उधर, सूअर के हमले से लोगों में दहशत है। घायलों ने बताया कि जैसे ही सूअर घुसा परिवार के लोग इधर-उधर निकले। टेंट में घुसकर उसने तांडव मचाया। इससे वे जख्मी हो गए। उनके अनुसार सूअर गोली लगने के कारण घायल हुआ था।
पूर्व जिला पार्षद नीना कौशल, पूर्व प्रधान जिंदू राम, प्रधान उर्मिला देवी, उपप्रधान सुरेंद्र ठाकुर और इंदु डोगरा आदि ने प्रदेश सरकार व वन विभाग के उच्चाधिकारियों से प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उधर, वन मंडलाधिकारी देवराज कौशल ने कहा कि सूअर के हमले से घायल हुए लोगों को मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

Related posts