
चंबा। स्थानीय सीटू कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर शहर में रैली निकाली। सीटू ने रैली निकालने के साथ-साथ उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन भी किया। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय प्रशासन को एक मांगपत्र भी सौंपा। इस दौरान सीटू की जिला महासचिव सुदेश ठाकुर ने बताया कि पिछले पांच सालों से ट्रेड यूनियनें संयुक्त रूप से अपनी मांगों को प्रशासन के माध्यम से सरकार तक पहुंचा रही हैं, लेकिन सरकार ने इन मांगों पर कोई भी उचित कदम नहीं उठाया है। उन्होंने सरकार के इस रवैये के प्रति रोष प्रकट किया है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि महंगाई पर तुरंत रोक लगाई जाए। श्रम कानूनों को सख्ती से लागू किया जाए। साथ ही श्रम कानूनों का उलंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का प्रावधान किया जाए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी वर्कर्स व हेल्पर को नियमित किया जाए और उन्हें सरकारी कर्मचारी के समान वेतन व सुविधाएं दी जाएं। उन्होंने कहा कि मिड-डे मील वर्कर्स को भी नियमित किया जाए। जब तक इन वर्कर्स को नियमित नहीं किया जाता है, तब तक उन्हें न्यूनतम वेतन प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि न्यनतम मजदूरी लगभग 10 हजार रुपये की जाए और ठेके दारी प्रथा पर रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि सभी श्रमिकों के लिए पेंशन सुविधा भी मांगी। उन्होंने कहा कि असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इस मौके पर आंगनबाड़ी वर्कर्स, एसएफआई कार्यकर्ता व सीटू के जिला अध्यक्ष अर्जुन चाढ़क उपस्थित रहे
