सिर में फंसी गोली ने ली सर्राफ की जान

अल्मोड़ा। साथी की रिवाल्वर से खेल-खेल में चली गोली सिर पर लगने से गंभीर रूप से घायल सर्राफ तिलक राज वर्मा ने इलाज के दौरान हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। निधन का समाचार मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया। शोक में लाला बाजार और खजांची मोहल्ले की अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। पोस्टमार्टम के बाद उनकी अंत्येष्टि कर दी गई। एसपी अशोक कुमार भट्ट ने कहा है कि आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
मालूम हो कि बीती सोमवार की रात सर्राफ तिलक वर्मा अपने दोस्त विशाल नेगी के साथ अपनी बख्शीखोला स्थित दुकान पर बैठे एक दूसरे से मजाक कर रहे थे। इस बीच विशाल की रिवाल्वर से चली गोली तिलक वर्मा के सिर पर जा लगी। तिलक वर्मा को गंभीर हालत में हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। तब से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। शुक्रवार तड़के तिलक वर्मा ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को अल्मोड़ा लाया गया। शव के पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। उनके दो छोटे बच्चे हैं। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
निधन का समाचार सुनकर वहां काफी संख्या में व्यापारी और अन्य लोग संवेदना व्यक्त करने पहुंच गए। शोक में लाला बाजार बंद रहा। उधर खजांची मोहल्ला में भी सर्राफ से जुड़ी सभी दुकानें और अन्य प्रतिष्ठान बंद रहे। शाम को विश्वनाथ घाट में उनकी अंत्येष्टि कर दी गई। जिसमें काफी संख्या में लोग शामिल हुए। इधर व्यापार मंडल ने शोकसभा कर ईश्वर से मृतक के परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। गोली लगने से हुई मौत के इस मामले में फिलहाल पुलिस ने कोई गिरफ्तारी नहीं की है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में विशाल नेगी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार भट्ट ने कहा है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।

Related posts