
सिंगापुर: पिछले रविवार को लिट्ल इंडिया इलाके में हुए दंगे के मद्देनजर सिंगापुर ने वहां इस सप्ताह के अंत तक शराब की बिक्री और उसकी खपत पर प्रतिबंध लगा दिया है। सिंगापुर के डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस टी राज कुमार ने बताया कि सार्वजनिक आदेश (संरक्षण) के तहत इलाके को इस सप्ताह तक ‘‘घोषित क्षेत्र’’ घोषित किया गया है, जिसके तहत कोई भी इलाके के लगभग 1.1 वर्ग किलो मीटर के क्षेत्र में शराब की बिक्री या उसकी खपत नहीं कर सकता है।
उन्होंने कहा कि जो कोई भी इलाके में सार्वजनिक तौर पर उपद्रव करने की कोशिश के तहत शराब के नशे में या उत्पात मचाते हुए देखा जाएगा, उसे गिरफ्तार किया जा सकता है।
सिंगापुर डेली स्ट्रेट टाइम्स ने टी राज को उद्धृत करते हुए कहा, ‘‘लेकिन कुछ लोगों को यह एहसास नहीं हो सकता, क्योंकि ये सूचना अंतिम व्यक्ति तक नहीं पहुंच पाई है। हमारे अधिकारी उन तक यह सूचना पहुंचाएंगे। यदि वह सहयोगात्मक रवैया अपनाते हुए शराब से दूर रहेंगे या इलाके से बाहर चले जाएंगे, तो वह ज्यादा अच्छा होगा।’’
