साक्षरता मिशन में चंबा अव्वल

सलूणी (चंबा)। भारत साक्षर मिशन की बैठक तहसील मुख्यालय सलूणी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला समन्वयक सुमन मिन्हास ने की। उन्होंने कहा कि जिला चंबा को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता मिशन में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि साक्षर भारत मिशन के तहत 27 माह में जिला चंबा में 54 हजार 144 लोगों को साक्षर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि अब साक्षर भारत का मुख्य उद्देश्य लोक शिक्षा केंद्र को कार्यशील करना और लोक शिक्षा केंद्र में 800 के करीब पुस्तकें उपलब्ध करवाना है। इसके अलावा लोगों को चुनावी साक्षरता के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। पंचायत प्रधान से लेकर 18 वर्ष से अधिक आयु वाले युवकों को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को शिक्षा का अधिकार, काम का अधिकार, कानूनी सहायता का अधिकार, घरेलू हिंसा और अन्य सामाजिक कुरीतियों के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। यही नहीं साक्षरता मिशन के तहत लोगों को आपदा प्रबंधन के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर बनाई गई आपदा प्रबंधन समिति की लोगों को जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। बैठक में खंड विकास अधिकारी योगेश कुमार ने बताया कि 15 अगस्त को हर पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें लोगों को साक्षरता मिशन के तहत साक्षर बनाने की शपथ दिलाई जाएगी। इस अवसर पर साक्षरता मिशन के सचिव नरैण सिंह, ब्लाक को-आर्डिनेटर राम सिंह, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी रसालू राम मौजूद रहे
बाक्स
मिशन की वेबसाइड लांच की
साक्षर भारत मिशन की बैठक के दौरान बीडीओ सलूणी योगेश कुमार और साक्षर भारत मिशन के समन्वयक सुमन कुमार मिन्हास ने साक्षर भारत मिशन की वेबसाइट लांच की। वेबसाइट को बनाने में प्रेरक सतीश राजपूत और सन्नी का मुख्य योगदान रहा है।

Related posts