
सांगला (किन्नौर)। जिले के सांगला में भाजपा ने प्रभावितों के साथ मिलकर सड़क, बिजली और पानी जैसे मुद्दों को लेकर हल्ला बोला। भाजपा ने प्रदेश सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाया। भाजपाइयों ने स्टेट बैंक परिसर से वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल तक के गेट तक रोष रैली भी निकाली और नारेबाजी की। तहसील कार्यालय सांगला के बाहर कुछ देर प्रदर्शन करने के बाद तहसीलदार के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भिजवाया गया। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष जोगिंद्र चांकुम, प्रदेश उपाध्यक्ष राम लाल नेगी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धनवीर सिंह नेगी, पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रमणि नेगी, बिशुक सेन नेगी, देव सांकी नेगी, साहब सिंह नेगी, राजेंद्र नेगी, पाल चंद नगी, तारा चंद नेगी, शेखर नेगी, सरोज नेगी, प्रधान ग्राम पंचायत चांसू अनिल नेगी, चेत राम नेगी, प्रधान रकछम टिकम सिंह नेगी, भरत नेगी, प्रधान बटसेरी तारा नेगी, बद्री विशाल नेगी, ईश्वर सिंह नेगी, अंजना नेगी, कृष्ण प्रकाश, ईश्वर पाल चंद, यांगचेन डोलमा, नवीन कुमार, प्रविंद्र नेगी, धर्मेंद्र नेगी, ओम प्रकाश नेगी, भूपेश कुमार, अमीर चंद, सुदर्शन मोहन नेगी, नवजोत सिंह आदि ग्रामीणों ने कहा कि सांगला वैली में 16 और 17 जून को हुई भारी बारिश से खासा नुकसान हुआ है। सरकार नुकसान के मुआवजे को ठोस कदम उठाना तो दूर, कड़छम-सांगला सड़क ही अभी बहाल नहीं हो पाई है। यहां खाद्य सामग्री की भी किल्लत चल रही है, लेकिन लोगों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के कोई प्रयास नहीं हो रहे हैं। दवाइयां न होने से किसान सेब में स्प्रे तक नहीं कर पा रहे हैं। सरकार रसोई गैस तथा मिट्टी तेल की किल्लत को दूर करने के भी प्रयास नहीं कर रही है। इसके चलते लोगों को तमाम परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द परेशानी से राहत नहीं दिलाई गई तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
