सहारनपुर में हिंसा पर प्रशासन सख्त, कर्फ्यू, देखते ही गोली मारने के आदेश

सहारनपुर (लखनऊ): उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में भूमि विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच हिंसक टकराव में तीन लोगों की मौत हो गई तथा पुलिसकर्मियों सहित करीब 19 अन्य जख्मी हो गए। आगजनी की घटना के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया और उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दे दिए गए। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) मुकुल गोयल ने बताया कि इस दौरान हुई गोलीबारी में हरीश कोचर नामक व्यापारी नेता, आरिफ तथा एक अज्ञात व्यक्ति की मृत्यु हो गई।


हिंसा दो समुदाय के लोगों के बीच हुई। इस हिंसक झड़प में पांच पुलिसकर्मी, एक सिटी मजिस्ट्रेट और 13 अन्य लोग जख्मी हो गए। कांस्टेबल शेंसरपाल गोली लगने से गम्भीर रूप से घायल हुआ है, जिसे पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है। जिला मजिस्ट्रेट संध्या तिवारी और एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने सहारनपुर में संवाददाताओं को बताया कि उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने के आदेश दे दिए गए हैं।


उत्तेजित भीड़ ने कुछ दुकानों को आग लगा दी जिसके बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने रबर की गोलियां चलाई। सहारनपुर के मण्डलायुक्त तनवीर जफर अली ने बताया कि जिले में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और छह इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। हालात बिगड़ने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने यूपी के सीएम अख‍िलेश यादव से बात की।


राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रदेश में सांप्रदायिक सद्भाव का माहौल बिगड़ने न दिया जाए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सहारनपुर में हुई हिंसा तथा सीतापुर में वायुसेना के हैलीकाप्टर गिरने की घटनाओं में मारे गये लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता की घोषणा की। एक सरकारी प्रवक्ता ने यहां बताया कि सहारनपुर में हुई घटना में मृतक व्यक्तियों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए तथा घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की गई है।

Related posts