
सलूणी (चंबा)। विकास खंड कार्यालय सलूणी में स्टाफ की कमी चल रही है। इसके कारण कई जगह विकास कार्य ठप हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक विकास खंड सूलणी की 46 पंचायतों के लिए कनिष्ठ अभियंता के पांच पद स्वीकृत हैं। इसमें से दो पद खाली और तीन पद भरे हुए हैं। पंचायत सहायक का पद भी रिक्त चला रहा है। विकास खंड कार्यालय में पंचायत निरीक्षक का पद खाली चल रहा है, जिससे इसका कार्यभार उपनिरीक्षक को संभालना पड़ रहा है। इसके अलावा वरिष्ठ सहायक लेखा, मुख्य सेविका का एक पद खाली हैं। ये पद रिक्त होने के कारण विभाग में तैनात कर्मचारियों को अतिरिक्त काम दिया गया है। इसके चलते कर्मचारियों पर अतिरिक्त काम का बोझ बढ़ गया है। इसके अलावा विकास कार्य भी ठप हो गए हैं। सलूणी पंचायत की प्रधान कमला ठाकुर, खरोटी की प्रधान आशा कुमारी, खरल की प्रधान पुष्पा देवी, सुनूह के प्रधान फारूक बट्ट, सिंगाधार के प्रधान विनोद कुमार, किलोड़ के प्रधान डुम राम, होशियार सिंह, चमन सिंह, हेम राज, प्रकाश कुमार और मुकेश ने बताया कि सलूणी में मनरेगा के तहत विभिन्न कार्य चले हुए हैं, लेकिन विकास खंड कार्यालय में स्टाफ की कमी होने के कारण काम समय पर नहीं हो रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि विकास खंड कार्यालय में रिक्त पड़े पदों को जल्द भरा जाए। इस बारे में विकास खंड अधिकारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि अधिक्तर पद रिक्त होने के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस बारे में विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।
