
कुल्लू। जिला कुल्लू में लगातार बारिश और बर्फबारी से भूस्खलन का सिलसिला शुरू हो गया है। जिला में कई जगहों पर भूस्खलन से लोग परेशान हैं। कुल्लू शहर में दोपहर करीब तीन बजे सुलतानपुर की ओर बाया शीतला मंदिर जाने वाले रास्ते पर एक डंगा धंसने से करीब एक दर्जन से अधिक मकानों को खतरा पैदा हो गया है। सड़क धंसने से मलबा सरवरी बाजार में दो मकानों के ऊपर आ गिरा। मलबे की चपेट में आकर एक कार और दो बाइक तथा एक स्कूटर क्षतिग्रस्त हो गए।
शहर में करीब तीन बजे जोरदार आवाज के साथ मलबा नीचे गिरा। लोग आवाज सुनकर घटनास्थल की तरफ दौड़े। हादसे के वक्त बारिश होने के कारण कोई व्यक्ति सड़क पर मौजूद नहीं था। इस कारण जानी नुकसान नहीं हुआ। लेकिन मलबे ही जद में सतीश कुमार और अशोक महाजन के दो मकान आए गए। इन मकानों पर मलबा गिरने के कारण मकानों को खतरा हो गया है। इस कारण इन मकानों को छोड़कर लोग पड़ोसियों के घरों में चले गए हैं।
इसके अलावा कुलदीप शर्मा की कार और बाइक, वीरेंद्र का स्कूटर और पुष्पराज की बाइक भी मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लगातार बारिश होने से सरवरी में अभी भी डंगा गिरने का खौफ बना हुआ है और करीब आधा दर्जन मकानों को खतरा है।
बाशिंग में भी दुकान क्षतिग्रस्त
कुल्लू के बाशिंग में भूस्खलन के कारण पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण एक दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। कुल्लू व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश कोहली ने बताया कि भूस्खलन के कारण बाशिंग स्थित त्रिपुरा शॉल दुकान का लेंटर टूट गया है। इसके इलावा बाशिंग में ही एक डंगा धंसने से लाखों का नुकसान हुआ है।
विधायक महेश्वर ने किया दौरा
हादसे की सूचना मिलते ही विधायक महेश्वर सिंह, पीसीसी सदस्य सुंदर ठाकुर, पंचायत समिति कुल्लू के अध्यक्ष मेघ सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का मुआयना किया। इसके अलावा एसडीएम कुल्लू विनय सिंह ने भी घटना स्थल पर पहुंच कर मौके का मुआयना किया। फिलहाल डंगा धंसने वाले स्थान पर तिरपाल डाली जा रही है। कहा कि नुकसान का आंकलन कर पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जाएगी।
