सरकार से खफा हुए पैंशनर

नादौन (हमीरपुर)। पैंशनरों को पंजाब सरकार की तर्ज पर लाभ देने के प्रदेश सरकार के वायदों के पूरा न होने पर हिमाचल प्रदेश सर्व कर्मचारी पैंशनर एवं युवा, श्रमिक संयुक्त मोर्चा ने कड़ा संज्ञान लिया है। मोर्चा की बैठक में हिमाचल प्रदेश सरकार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार न चेती तो मोर्चा चुप नहीं बैठेगा तथा अपने हकों के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। मोर्चा के अतिरिक्त सचिव जगदीश चंद ने कहा कि सरकार को बने हुए करीब आठ माह से अधिक का समय हो गया है, परंतु सरकार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों से किया वायदा नहीं निभाया है। सत्तासीन होने से पहले वीरभद्र सिंह ने सेवानिवृत्त कर्मचारियाें से कहा था कि समस्त कर्मचारियों तथा पैंशनरों को पंजाब की तर्ज पर 4-9-14 का ग्रेड पे 1-1-2006 से लागू किया जाएगा परंतु किसी प्रकार की मांग न माने जाने से उक्त वर्ग खफा है।
जगदीश चंद ने बताया कि मंडी लोकसभा चुनाव से पहले मोर्चा के अध्यक्ष गोपाल दास वर्मा मुख्यमंत्री से मिले थे। लोकसभा चुनाव समाप्त होते ही पंजाब की तर्ज पर पैंशनरों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक पैंशनर लटके हुए हैं। अब प्रदेश कांग्रेस सरकार बेरोजगाराें को बेरोजगारी भत्ता प्रदान करें और पेंशनरों को वित्तीय लाभ प्रदान किए जाएं।

Related posts