बस सेवा बंद, लोग परेशान

भोजनगर (सोलन)। कसौली निर्वाचन क्षेत्र में जोहड़जी मल्ला सड़क मार्ग पर चलने वाली एक मात्र बस तीन दिनों से नहीं चल रही है जिससे क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को बस न होने के कारण लोगों को कई-कई किलोमीटर तक पैदल ही चलना पड़ रहा है। बस के न चलने से ग्राम पंचायत भोजनगर के 15 गांव, ग्राम पंचायत काबा कलां के 5 गांव, ग्राम पंचायत नेरी कलां के 10 गांव, ग्राम पंचायत प्राथा के 10 गांव और ग्राम पंचायत नारायणी के 10 से अधिक गांव के लोग प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय निवासी शेखर सिंह, यशपाल, सतपाल सिंह, दुरेश कुमार, रणजीत सिंह, अमर सिंह, भीम सिंह, महेंद्र सिंह और राजकुमार ने बताया कि बस के न चलने से उन्हें बाजार जाने के लिए या तो 10 से 15 किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है या फिर टैक्सी बुक करवानी पड़ रही है जिसके लिए 400 से 500 रुपये देने पड़ रहे हैं। कई बार फोन करने पर भी पथ परिवहन निगम के अधिकारी सही बात नहीं कर रहे हैं कभी कहते हैं कि बस की सर्विस हो रही है तो कभी बसों की कमी का बहाना बना रहे हैं। जोहड़जी से मल्ला रूट पर चलने वाली बस को किसी अन्य रूट पर चलाया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि बस को शीघ्र ही नियमित किया जाए जिससे ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके। पथ परिवहन निगम के आरएम एस सलारिया ने कहा कि बसों की कमी चल रही है।

Related posts