
देहरादून
उत्तराखंड के नए मुखिया पुष्कर सिंह धामी शपथ लेने के बाद से ही एक्शन में हैं। सरकार ने पहले नए मुख्य सचिव को नियुक्त किया और आज सभी मंत्रियों को जिलों के प्रभार बांट दिए हैं। मुख्य सचिव एसएस संधु की ओर से इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं।
इन्हें मिली जिलों की जिम्मेदारी
सतपाल महाराज को रुद्रप्रयाग और चमोली, डॉ. हरक सिंह रावत को टिहरी, बंशीधर भगत को देहरादून, यशपाल आर्य को नैनीताल, विशन सिंह चुफाल को अल्मोड़ा, सुबोध उनियाल को पौड़ी, अरविंद पांडे को चंपावत व पिथौरागढ़, गणेश जोशी को उत्तरकाशी, धन सिंह रावत को हरिद्वार, रेखा आर्य को बागेश्वर और स्वामी यतीश्वरानंद को ऊधमसिंह नगर की जिम्मा सौंपा गया है।
उत्तराखंड: नए मुख्य सचिव एसएस संधू ने संभाला कार्यभार, कहा- रोजगार बढ़ाने पर दिया जाएगा जोर
जल्द होगा विभागों का बंटवारा
धामी सरकार में भी तीरथ कैबिनेट के सभी मंत्रियों को जगह दी गई है। लेकिन अब सभी कैबिनेट मंत्रियों को जल्द ही विभाग बांटे जाएंगे।
नौकरशाही में बड़े फेरबदल के आसार
मुख्य सचिव ओम प्रकाश को बदलने के बाद अब प्रदेश की नौकरशाही में बड़े फेरबदल के आसार जताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इसके संकेत दिए हैं। माना जा रहा है कि कुछ ही रोज में सचिवालय से लेकर जिलों में नौकरशाही में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। कई जिलों के डीएम और कप्तान बदले जाएंगे।
सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की कवायद को अंजाम देने से पहले ही नौकरशाही में बड़े फेरबदल के आसार जताए जा रहे थे। तीरथ राज में नौकरशाही में बड़ा बदलाव नहीं हो पाया। मुख्य सचिव और जिलों के डीएम-पुलिस कप्तान बदले जाने की सिर्फ चर्चाएं तैरती रहीं।
लेकिन मुख्य सचिव को बदले जाने के बाद अब नौकरशाही को ताश के पत्तों की तरह फेंटे जाने की संभावना जताई जा रही है। सूत्र बता रहे हैं कि सरकार पहले सचिवालय में तैनात कुछ प्रमुख अफसरों के विभागों में बदलाव करेगी और उसके बाद जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान बदले जाएंगे।
