
चंबा। स्थानीय बचत भवन में शुक्रवार को प्रशासनिक दक्षता को लेकर बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त संदीप कदम ने की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर होने वाले अतिक्रमण के मामलों को लेकर विभागीय अधिकारी गंभीरता बरतते हुए तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने उपमंडलाधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमण के लंबित मामलों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर करें। उपायुक्त ने कहा कि उपमंडल स्तर पर आने वाले समय में किसी प्रकार के अतिक्रमण के मामले पैदा न होने दें। इसके अलावा राजस्व विभाग के फील्ड स्टाफ को अतिक्रमण पर पैनी निगाह रखने के निर्देश जारी करें। सड़क किनारे होने वाले अतिक्रमण के मामलों पर तत्परता से कार्रवाई करने के लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सड़कों के समीप होने वाले अवैध व अवैज्ञानिक खनन पर रोक लगाने की दिशा में भी सक्रिय रहें। यातायात प्रबंधन व नियंत्रण को लेकर उपायुक्त ने कहा कि पुलिस, एसडीएम व क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी वाहनों का औचक निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण की प्रक्रिया निरंतर रहनी चाहिए ताकि कानूनों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मुहिम जिला भर में चलती रहे। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों को समाधान के लिए जो जन शिकायतें भेजी जाती हैं, संबंधित विभाग जल्द कार्रवाई करके इसकी सूचना उपायुक्त कार्यालय को भेजना सुनिश्चित करें। डीसी ने कहा कि लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाए। शहर में सीवरेज समस्या व भू संरक्षण के मसले पर उपायुक्त ने नगर परिषद को प्रभावी कदम उठाने को कहा है। इसके अलावा नगर परिषद डलहौजी व चंबा में सड़क किनारे फड़ी लगाकर सामान बेचने के लिए मान्य व प्रतिबंधित जगहों की मार्किंग करने के निर्देश जारी किए जाएं। उपायुक्त ने कहा कि भवन निर्माण नियमों के अनुरूप हो। बैठक के दौरान प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री पर रोक लगाने, ई समाधान, भवन निर्माण कार्य के लिए मिस्त्रियों को भूकंपरोधी तकनीक का प्रशिक्षण सहित बीस सूत्रीय कार्यक्रम कार्यान्वयन पर चर्चा की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुलवंत सिंह, सहायक उपायुक्त दीप्ति कपूर व एडीएम मौजूद रहे।
