
बिलासपुर। अपराध रोकने के लिए पुलिस ने नया फंडा अपना लिया है। इसमें जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एक प्रतियोगिता का आयोजन करने जा रही है। प्रतियोगिता के तहत सबूत सहित सर्वश्रेष्ठ सूचना देने वाले को पुलिस महानिरीक्षक के हाथों सम्मानित किया जाएगा। ऐसे व्यक्ति को 5000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। पुलिस की यह प्रतियोगिता 15 मार्च तक रहेगी।
खास यह है कि इस प्रतियोगिता में नशा सामग्री बेचने जैसी अवैध गतिविधियां के साथ ही पुलिस अधिकारियों के दुराचरण जैसे मामलों की जानकारी भी दी जा सकती है। फोटोग्राफी या फिर वीडियोग्राफी के साथ ऐसी सूचनाएं एकत्रित की जाएंगी, जिनकी सूचना सबसे बड़ी एवं पुख्ता होगी, उसी को यह इनाम दिया जाएगा। हालांकि, योजना के तहत अपराध से जूड़ी किसी प्रकार की सूचना व्यक्ति पुलिस को दे सकता है। उधर, अपराध पर नियंत्रण रखने में पुलिस की यह योजना कारगर साबित हो सकती है। पुलिस ने युवाओं समेत आम लोगों से इस प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने बताया कि सर्वश्रेष्ठ सूचना जो फोटो या वीडियो फुटेज के साथ होगी, उसे पांच हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने सभी से आग्रह किया है कि 15 मार्च तक इस योजना में भाग लेकर पुलिस को जानकारी दें। इसमें जहां उन्हें इनाम मिलेगा, वहीं अपराध कम करने में उनकी भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।
