
सोलन। आखिरकार शहर में पेयजल सप्लाई सुचारु करने के लिए नगर परिषद को टैंकरों की मदद लेनी पड़ी। आईपीएच विभाग की सप्लाई पर भरोसा न करते हुए परिषद ने रविवार को चंबाघाट एवं ब्रुरी के कुछ हिस्सों में टैंकरों से सप्लाई दी। इन क्षेत्रों में करीब एक सप्ताह से सप्लाई बाधित थी। इसके अतिरिक्त रविवार को गिरि योजना से भी करीब 10 लाख गैलन तक सप्लाई पहुंची जिससे की नगर परिषद एवं आईपीएच विभाग ने राहत की सांस ली। इस दौरान शहर के अधिकांश हिस्सों में पानी की सप्लाई दी गई। नगर परिषद के अधिकारियों ने कई प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। अधिकारियों ने मौके पर जाकर जांच की तथा लोगों से पेयजल की सप्लाई के बारे में भी पूछताछ की।
यहां दी गई सप्लाई
रविवार को शहर में आफिसर कालोनी, टैंक रोड़, क्लीन, ज्वाहर पार्क, खुंडीधार, कोटलानाला, चंबाघाट, हाऊसिंग बोर्ड, कोर्ट रोड़ में सप्लाई दी गई। वहीं नगर परिषद के अधिकारियों ने दावा किया कि सोमवार तक शहर के सभी हिस्सों में सप्लाई दे दी जाएगी।
अधिकांश क्षेत्रों में दी गई सप्लाई : जेई
इस बारे में नगर परिषद के जेई कृष्ण दत्त ने कहा कि रविवार को शहर के अधिकांश क्षेत्रों में सप्लाई दी गई। जिन क्षेत्रों में कई दिनों से सप्लाई बाधित थी वहां पर टैंकर भी लगाए गए। उन्होंने कहा कि यदि सोमवार को गिरि योजना से सप्लाई ठीक आई तो शहर में स्थिति पर काबू पा लिया जाएगा।
