सनोह में सर्पदंश से ग्रामीण की मौत

मैड़ी (ऊना)। स्थानीय क्षेत्रीय अस्पताल में रविवार सुबह सर्पदंश के चलते एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक को सांप के डसने के बाद रविवार तड़के अंब से ऊना अस्पताल पहुंचाया
गया था, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद इसे परिजनों के हवाले कर दिया है, जबकि आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय जय कृष्ण पुत्र सुरजन सिंह निवासी सनोह तहसील अंब को उन्हीं के घर में शनिवार तड़के सांप ने डस डाला, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। परिजनाें और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अंब स्थित चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत के चलते तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर
दिया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई।
डीएसपी अंब मदन कौशल ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है।
उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।

Related posts