सड़क हादसे में युवक की मौत

उरला (मंडी)। मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे में गुम्मा से डेढ़ किलोमीटर आगे छाणग के पास एक टूरिस्ट वाहन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर में भर्ती किया गया है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा सोमवार प्रात: चार बजे के करीब हुआ। जब एक टैंपो ट्रैवलर पीबी01एम-8570 में सवार होकर गुरदासपुर पंजाब के पर्यटक पठानकोट से मंडी की ओर से आ रहे थे। छाणग के पास चालक के नियंत्रण खो जाने से वाहन सड़क से लगभग 150 मीटर नीचे ढांक में लुढ़क गया, जिससे वाहन चालक कुलविंदर सिंह पुत्र हरभजन सिंह 35 वर्ष निवासी रायछतर तहसील बटाला जिला गुरदासपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य सवार युवक जसराज पुत्र मनोहर सिंह निवासी बडाला गरठियां तहसील बटाला जिला गुरदासपुर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना का पता चलते ही जोगिंद्रनगर पुलिस को सूचित कर घायल युवक को सड़क में पहुंचा कर उपचार के लिए जोगिंद्रगनर अस्पताल भेजा। उधर, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना का मामला दर्ज करते हुए मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है। एसएचओ जोगिंद्रनगर अमर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके आने पर पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा।

Related posts