
गढ़शंकर (पंजाब)
पंजाब के गढ़शंकर में चंड़ीगढ़-होशियारपुर मार्ग पर गांव जैतपुर के पास एक बाइक और गाड़ी के बीच हुई सीधी टक्कर में बाइक सवार एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई, जबकि कार चालक, उसकी बहन व उसकी एक सहेली भी गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के मुताबिक राजेश कुमार (27) निवासी नंगल चोरां बाइक पर पत्नी कमलदीप (25) और बेटी अनन्या (04), इशिका (02) और निशु (01) के साथ बाइक पर होकर बाड़ियां कलां से होशियारपुर आ रहे थे।
सभी गांव जैतपुर के पास पहुंचे ही थे कि एक ट्रैक्टर ट्राली को ओवरटेक करते समय बाइक की विपरीत दिशा से आ रही कार से सीधी टक्कर हो गई। हादसे में राजेश कुमार, उसकी पत्नी कमलदीप, बेटी इशिका और निशु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरी बेटी अनन्या ने अस्पताल जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
हादसे में गाड़ी चालक रुपिंदर सिंह, उसकी बहन इंद्रजीत कौर और इंदरजीत की सहेली भी गंभीर रूप से घायल हो गई। चब्बेवाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।
खड़े टैंकर से टकराई एंबुलेंस, चालक की मौत
उधर, गोबिंदगढ़ और खन्ना मध्य नेशनल हाईवे स्थित प्रिस्टाईन मॉल के पास एक एंबुलेंस खड़े टैंकर से टकराकर पलट गई। हादसे में एंबुलेंस चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कैलाश चंद, निवासी वजीराबाद (दिल्ली) के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथ बैठा कंडक्टर संजीव कुमार बाल-बाल बच गया। थाना सदर पुलिस ने कंडक्टर संजीव कुमार के बयान पर टैंकर चालक जसपाल सिंह निवासी सैदपुरा (फतेहगढ़ साहिब) के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एएसआई हरजिंदर सिंह भैनी को दिए बयान में कंडक्टर संजीव कुमार ने बताया कि बुधवार को दिल्ली से एक कोरोना मरीज को लेकर वे अमृतसर छोड़ने आए थे। वापस लौटते वक्त खन्ना के नजदीक गांव अलौड़ के पास उनकी एंबुलेंस खड़े टैंकर से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस चालक की मौके पर मौत हो गई। आरोपी टैंकर चालक फरार है।
