
शिमला
नशीले उत्पादों की तस्करी पर नकेल कस रही हिमाचल पुलिस की सख्ती का असर दिखना शुरू हो गया है। जम्मू-कश्मीर से कभी पठानकोट-ऊना के रास्ते राजस्थान और पंजाब को जाने वाली नशे की खेप को सप्लाई करने के लिए तस्करों ने अब वैकल्पिक रास्ते तलाशने शुरू कर दिए हैं। हाल ही में हिमाचल पुलिस ने कुल्लू में जेएंडके के अनंतनाग से आ रही नब्बे किलो के डोडा अफीम की खेप को पकड़ा।
पूछताछ में पता चला कि ऊना के बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती के बाद अब तस्करों ने इस रास्ते को अपनाने की कोशिश की है। हालांकि, खेप ले जाने के दौरान यहां भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर धर दबोचा। डीजीपी संजय कुंडू ने बताया कि नशीले पदार्थों की तस्करी व सप्लाई के मामलों का लगातार अध्ययन किया जा रहा है। उनके संभावित रूटों से लेकर किन क्षेत्रों में किस तरह के नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है इसका भी डाटा तैयार कर कार्रवाई की जा रही है। इसी का नतीजा है कि अब तस्कर कच्चे व गैर पारंपरिक रूटों का इस्तेमाल नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए करने की कोशिश कर रहे हैं।
