संपर्क सड़कें बंद; खेतों में फंसा मटर

सांगला (किन्नौर)। संपर्क सड़कें बहाल न होने से किसानों को अपने मटर की चिंता सताने लगी है। जिले में इस बार मटर की बंपर फसल है और पंद्रह जुलाई के बाद निचले क्षेत्रों में मटर सीजन शुरू होने वाला है। लेकिन, कई सड़कें अभी तक बंद होने से मटर को मंडियों तक पहुंचना चुनौती बना हुआ है। अगर सड़कें जल्द बहाल नहीं हुईं तो किसानों को लाखों रुपयों का घाटा उठाना पड़ेगा।
कल्पा खंड के किसान प्रभुदयाल नेगी, दिव्या नेगी, दीपक नेगी, सुनील नेगी, पंकज नेगी, विजय पाल नेगी, शैलेंद्र नेगी, अर्जुन नेगी, तानजिन नेगी, यतेंद्र नेगी, कुलदीप नेगी, पूह खंड के शांता नेगी, टाशी छेरिंग नेगी, छेवांग ज्ञाछो नेगी, छेवांग दोरजे नेगी, गीता देवी नेगी, जांगमो नेगी, छेरिंग छोडेन नेगी, बाबूराम नेगी, मलिक सेन नेगी, ज्ञानचंद नेगी, कीर्ति नेगी, दावा नेगी सहित रामजगत नेगी ने कहा कि इस बार अच्छी बर्फबारी होने से फसल भी अच्छी है। अगले माह के दूसरे हफ्ते में निचले क्षेत्रों में मटर सीजन शुरू होने वाला है, लेकिन सड़कें बंद होने से उनके सामने मटर को मंडियों तक पहुंचाने की चुनौती खड़ी है। 16 और 17 जून को हुई भारी बारिश से जिले में सड़कों को बुरी तरह से नुकसान पहुंचा है। इनमें से एक दर्जन से अधिक संपर्क सड़कें अभी भी बंद हैं। वहीं, नेशनल हाईवे तो खुल चुका है लेकिन भारी बारिश से इसके बार-बार अवरुद्ध होनेे की संभावना है।
इन क्षेत्रों के उत्पादकों को परेशानी
जिले के कामरू, सांगला, बटसेरी, बरुआ, सापनी, कनेई, शोंग, लिप्पा, आसरंग, हांगो, चुलिंग, नाको, लियो, कानम, नेसंग और सुमरा आदि क्षेत्रों में मटर की फसल फंसी हुई है।
एनएच को पूह तक बहाल करने प्रयास : वनराज
लोनिवि के एक्सईएन भावानगर बीएस मेहता, एक्सईएन कल्पा एसपी नेगी ने कहा कि अवरुद्ध सड़कों को बहाल करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान, बागवानों को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। सीमा सड़क संगठन के ओसी एचआर वनराज ने कहा कि नेशनल हाईवे को पूह तक बहाल करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Related posts