संधोल में भाजपा की बैठक में हंगामा

धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत संधोल में सोमवार को आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में चुनाव के दौरान पार्टी के खिलाफ भितरघात करने के मुद्दे पर काफी हंगामा हुआ। इस बार संधोल से भाजपा को लीड न मिलने पर कार्यकर्ताओं ने पार्टी संगठन में ऊंचे पदों पर बैठे कुछ पदाधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया, जिससे बैठक में हंगामा शुरू हो गया।
सोमवार को विधानसभा सत्र के लिए धर्मशाला जाते समय धर्मपुर के विधायक एवं पूर्व परिवहन मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने संधोल विश्राम गृह में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने जीत के लिए कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। बैठक में इस बार संधोल से कांग्रेस को लीड मिलने के मुद्दे पर चरचा की गई, जिस पर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने विचार रखे। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लीड कम मिलने का कारण संधोल मेंकालेज को लेकर कांग्रेस ने लोगों को गुमराह किया। साथ ही बस स्टैंड, सड़क व अन्य समस्या भी कारण रहा है।
पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मंढोत्रा ने कहा कि चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ भितरघात करने वालों के खिलाफ संगठन को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन में ऊंचे पदों पर आसीन कुछ पदाधिकारियों ने चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम किया। संगठन को ऐसे पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के खिलाफ तथ्य एकत्रित कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इस दौरान भितरघात करने में कुछ लोगों के नाम सामने आने पर वहां मौजूद कुछ कार्यकर्ता भड़के उठे, जिससे कार्यकर्ताओं में बहस शुरू हो गई। बैठक में बीडीसी अध्यक्ष कुमकुम, कश्मीर सिंह, मास्टर शंभू राम, मनोहर लाल शर्मा व राज सिंह आदि मौजूद थे।

Related posts