
रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर जिले के शोंगठोंग के पास भारी चट्टानें गिरने से एनएच फिर बंद हो गया। इससे जिला मुख्यालय रिकांगपिओ और रामपुर के बीच सीधा सड़क संपर्क कट गया। परिवहन निगम ने दोनों ओर फंसे लोगों को इधर-उधर पहुंचाने के लिए ट्रांसशिपमेंट सेवा शुरू की है। इधर, सीमा सड़क संगठन के जवान मशीनों की सहायता से सड़क को बहाल करने का कार्य कर रहे हैं।
वीरवार सवेरे करीब पांच बजे शोंगठोंग के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने शुरू हुए और कुछ देर बाद ऊपर से बड़ी-बड़ी चट्टानें खिसकने लगीं। थोड़ी देर में यहां एनएच चट्टानों के नीचे दब गया और इस पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। सड़क के दोनों तरफ निजी और सरकारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर सीमा सड़क संगठन के जवान मशीनों समेत मौके पर पहुंचे और सड़क को बहाल करने में जुट गए। काफी देर बाद तक सड़क के न खुलने पर परिवहन निगम ने दोनों तरफ फंसे लोगों के लिए ट्रांसशिपमेंट सेवा शुरू की। इस तरह बसों में सवार लोग अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए, लेकिन निजी वाहन वाले सड़क खुलने का इंतजार करते रहे। सीमा सड़क संगठन के ओसी एचआर वनराज ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद सड़क बहाल करने में तीन मशीनों समेत 22 जवान तैनात कर दिए, लेकिन पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने से काम में बाधा आ रही है। उन्होंने कहा कि जवान सड़क को रात या फिर शुक्रवार सुबह तक बहाल करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।
