
सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट की नवाही पंचायत मुख्यालय में स्थित एक दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस घटना में दुकान तथा अंदर रखी लाखो की संपत्ति जलकर राख हो गई। घटना बुधवार देर रात करीब 11 बजे की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र कुमार पुत्र स्व. रमेश कुमार की दुकान में आग लग गई। इससे दुकान के अंदर रखा माता के प्रसाद का सारा सामान, मोबाइल तथा अन्य सामग्री भी जल गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में पता चला है कि राजेंद्र कुमार हर रोज की भांति सायं आठ बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। रात करीब 11 बजे दुकान में आग लग गई। दुकान से आग की लपटों को नजदीक ही मनियारी माता मंदिर में मौजूद होमगार्ड के जवानों ने देखा। इसके बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। होमगार्ड के जवानों ने पुलिस को घटना की सूचना भेजी। बाद में लोगो के सहयोग से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन बेकाबू आग पर काबू नहीं पाया जा सका। पंचायत प्रधान प्रेम लाल ने बताया कि आगजनी से करीब चार लाख का नुकसान हुआ है। वहीं घटना का पता चलने पर स्थानीय विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने घटनास्थल पर जाकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। इधर, घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना का कारण शॉर्ट सर्किट मालूम पड़ रहा है। पुलिस छानबीन कर रही है। एसडीएम सरकाघाट रोहित राठौर ने बताया कि राजस्व अधिकारियो को नुकसान का जायजा लेने के लिए भेजा गया है।
