शैक्षणिक योग्यता की अनदेखी से भड़के टेक्नीशियन

बिलासपुर। शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप पदों पर नियुक्ति नहीं मिलने से परिवहन निगम में कार्यरत डिप्लोमा होल्डर टेक्नीशियन भड़क उठे हैं। अनदेखी से खफा टेक्नीशियनों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। इस मुद्दे को लेकर परिवहन निगम में कार्यरत प्रदेश भर के तकनीशियन रविवार को बिलासपुर के लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में एकत्रित होकर आंदोलन की रणनीति तैयार करेंगे।
परिवहन निगम की डिप्लोमा होल्डर टेक्नीशियन एसोसिएशन के संयोजक परवेज और मित्रदेव ने कहा कि निगम इस वर्ग के कर्मचारियों के साथ अन्याय कर रहा है। निगम में कार्यरत कई तकनीशियनों ने विभागीय अनुमति से ऑटो/मेकेनिकल इंजीनियरिंग में तीन वर्षीय डिप्लोमा करके अपनी शैक्षणिक योग्यता सुधारी है। प्रबंधन से पिछले कई सालों से यह आग्रह किया जा रहा है कि तीन वर्षीय डिप्लोमा होल्डर तकनीशियनों को उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप उच्च पदों पर नियुक्ति दी जाए। ऐसे कई पद खाली होने के बावजूद विभाग हर बार यह कहकर मामले से पल्लू झाड़ लेता है कि आरएंडपी रूल्स में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है। इनका कहना है कि डिप्लोमा होल्डर तकनीशियन आरएंडपी रूल्स में संशोधन की मांग भी कई बार उठा चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस है। उनके लिए अलग से कोटा निर्धारित करने या एलडीआर खोलकर परीक्षा आयोजित करने की मांग भी अनसुनी की जा रही है। उनके सब्र का बांध अब टूटने लगा है। 15 दिसंबर को दोपहर 12 बजे बिलासपुर के लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में इस मसले को लेकर बैठक आयोजित होगी, जिसमें निगम प्रबंधन के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए रूपरेखा तैयार की जाएगी।

Related posts