
भरमौर (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमौर में प्रदेश स्तरीय शारीरिक शिक्षकों का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। शिविर का शुभारंभ उपमंडल अधिकारी डा. जितेंद्र कंवर ने किया। पांच दिवसीय प्रदेश स्तरीय शिविर मे जिला सिरमौर को छोड़कर बाकी 11 जिलों के 70 के करीब शिक्षक भाग ले रहे हैं। शिविर में प्रदेश के 124 जोन में से प्रत्येक जोन में से एक-एक चिकित्सक को बुलाया गया है। शिविर के पहले दिन 50 के करीब शिक्षक उपस्थित नहीं हो पाए हैं। शिविर के शुभारंभ पर उपमंडल अधिकारी डा. जितेंद्र कंवर ने कहा कि जिस तरह शरीर के अंदर रीड़ की हड्डी की भूमिका होती है, उसी तरह शारीरिक शिक्षा का भी शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान है। इससे बच्चों को अनुशासनात्मक, नैतिकता और शरीर को तंदुरुस्त रहने की शिक्षा मिलती है। स्वस्थ शरीर से ही अन्य ज्ञान प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर स्कूल के अंदर शारीरिक शिक्षक, मुख्य अध्यापक और प्रधानाचार्य का आपसी तालमेल सही हो तो उस स्कूल का कभी भी अनुशासन भंग नहीं हो सकता है। शारीरिक शिक्षा के सहायक निदेशक आरसी कौशल ने बताया कि पांच दिवसीय प्रशिक्षण में शिक्षकों को खेलों के नए नियमों के बारे मे बताया जाता है। इसके अलावा प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, व्यायाम के बारे में बारीकी से जानकारी प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि देश के अंदर अंडर-14 खेल स्पर्धा में प्रदेश का छठा स्थान है। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिला में तेज बारिश होने के कारण शिक्षक शिविर में नहीं पहुंच पाए हैं। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक शिविर में अनुपस्थित रहे हैं। इस संबंध में संबंधित शिक्षा उपनिदेशक से स्पष्टीकरण भी मांगा जाएगा।
