शिक्षा खंड कार्यालय पर शिक्षकों का धरना

चैलचौक (मंडी)। खंड शिक्षा कार्यालय चच्योट प्रथम की कार्यप्रणाली से नाखुश प्राथमिक अध्यापक संघ ने सोमवार को कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर घेराव किया। इस दौरान प्राथमिक शिक्षकों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी भी की। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष इंद्र सिंह भारद्वाज के नेतृत्व में शिक्षकों ने यह धरना दिया। पूर्व घोषित धरने के बाद संघ ने शिक्षा खंड कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की।
संघ के चच्योट इकाई के प्रधान हेमराज ठाकुर कहा कि कहा कि शिक्षा खंड कार्यालय के कुछ एक कर्मचारियों की लापरवाही के कारण अध्यापक परेशान हैं। अध्यापकों के प्रति कर्मचारियों का व्यवहार सही नहीं है। इस कारण अध्यापकों को आंदोलन का रुख अपनाना पड़ रहा है। उन्हाेने कहा कि जिला उपनिदेशक कार्यालय मंडी से शिक्षकों के 4-9-14 के वित्तीय लाभ अध्यापकों को देने के आदेश सितंबर में हुए हैं लेकिन तीन महीने से यह काम लटका पड़ा है। इस कारण अध्यापकों को वित्तीय लाभ से वंचित रहना पड़ रहा है। यही नहीं कुछ अध्यापकों के मेडिकल बिल और रिकार्ड भी कार्यालय के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण गायब है। अध्यापक खंड शिक्षा कार्यालय के चक्कर काटकर परेशान हैं। संघ की ओर से इस बाबत लिखित मांगपत्र भी ब्लॉक और जिला उपनिदेशक को सौंपा है। लेकिन अभी तक कोई भी आवश्यक कार्यवाही विभाग की ओर अमल में नहीं लाई गई है।
सोमवार को धरने के बाद अध्यापकों ने एक बार फिर चेतावनी देते हुए खंड शिक्षा अधिकारी को मांगपत्र सौंपकर यह मांग की कि कार्यालय में अध्यापकों के लंबित सभी वित्तीय मामले प्राथमिकता के आधार पर निपटाए जाएं। वित्तीय मामलों में की जा रही अनावश्यक कटौती पर भी स्पष्टीकरण दिया जाए। शिक्षकों के लंबित यात्रा भत्तों, मेडिकल बिलों और लोकसभा, विधानसभा चुनावों के यात्रा भत्तों के बिलों का भुगतान शीघ्र किया जाए। दस मांगों पर संघ ने सात दिसंबर तक स्पष्टीकरण मांग कर धरने को समाप्त किया। साथ ही चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर कोई कार्यवाही नहीं की गई तो पीटीएफ खंड कार्यालय के बाहर क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर महासचिव नीरज, कोषाध्यक्ष हेमंत अवस्थी, उपाध्यक्ष तिलकराज, महिला विंग की प्रधान मीना शर्मा, रक्षा गुप्ता, हेमलता, दुर्गा दास शास्त्री और कुंदन लाल मौजूद रहे।

मांगपत्र पर शीघ्र करेंगे गौर
खंड शिक्षा अधिकारी चच्योट-प्रथम मदन लाल ने बताया कि धरने पर बैठे अध्यापकों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से बातचीत हुई है। शिक्षक संघ की ओर से आए मांगपत्र पर शीघ्र गौर किया जाएगा।

Related posts