
रिकांगपिओ/ सांगला(किन्नौर)(विशेश्वर नेगी)स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और महिला कल्याण परिषद की ओर से संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त किन्नौर डीडी शर्मा ने की। उन्हाेंने महिलाओं को अपने अधिकाराें के प्रति सजग रहने के लिए शिक्षा को एक बड़ा हथियार बनाने के लिए प्रेरित भी किया। इस मौके उन्होंने हरी झंडी दिखा कर महिलाआें की रैली को रवाना किया। इसके बाद भवन में महिला शक्तिकरण को लेकर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि डीडी शर्मा उपायुक्त किन्नौर ने अपने भाषण में महिलाआें को महिला दिवस की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज के इस दिन को पूरे विश्व में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। आज महिलाएं पुरुष के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं। ऐसा कोई क्षेत्र नहीं रह गया है, जहां महिलाआें की सहभागिता समाज के किसी भी क्षेत्र में न हो। यह भी सत्य है कि कई बार महिलाओं पर अत्याचार भी हो रहे हैं, इनमें चारे चाहे घरेलू हिंसा हो या अन्य किसी प्रकार की प्रताड़ना। अब ऐसे लोगाें पर शिकंजा कसने के लिए ठोस कानून बनाया गया है।
इस अवसर पर निचार आंगनबाड़ी के कार्यकर्ताओं ने समूहगान और मीरू पंचायत से आई महिलाआें ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया। इसके अलावा जिला के विभिन्न आंगनबाड़ी कार्यकर्ताआें सहित उड़ान पब्लिक स्कूल के बच्चों ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए । इस दौरान रिकांगपिओ डाइट की छात्रा नितिका की ओर से कन्या भ्रूण हत्या पर प्रस्तुत भाषण को सभी ने सराहा। इस मौके पर अतिरिक्त जिला परिषद अध्यक्ष, महिला कल्याण परिषद की अध्यक्ष रतन मंजरी नेगी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता के जिला कार्यक्रम अधिकारी अजुर्न नेगी, एमओएच डा. एसएस नेगी, सीएमओ डा. आरजी नेगी, एसी डा. मेजर विशाल शर्मा, एसडीएम कल्पा प्रशांत देष्टा, डीएसपी के के वर्धन उपस्थित थे ।
