शिक्षकों के पद न भरे तो स्कूल में जड़ देंगे ताला

तीसा (चंबा)। राजकीय हाई स्कूल आयल में लगभग एक साल से अध्यापकों के आधा दर्जन से अधिक पद खाली चल रहे हैं। इस कारण स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे 260 बच्चों की पढ़ाई राम भरोसे है। जानकारी के मुताबिक आयल स्कूल में पहले तीन शिक्षक सेवाएं दे रहे थे, लेकिन एक साल पहले दो शिक्षकों के तबादले कर दिए गए हैं। इसके चलते मौजूदा समय में स्कूल में एक ही शिक्षक सेवाएं दे रहा है। आयल पंचायत के उपप्रधान दुनी चंद ने बताया कि स्कूल में अध्यापकों की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि कई बार शिक्षा विभाग और सरकार से रिक्त पदों को भरने की मांग की गई है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग ने अगर एक सप्ताह के भीतर स्कूल में रिक्त चल रहे पदों को नहीं भरा तो ग्रामीण स्कूल में ताला लगा देंगे। इसके अलावा जिला मुख्यालय में प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
कोट
विभाग की ओर से हर माह 15 दिन के बाद स्कूल की स्थिति के बारे में विभाग और सरकार को अवगत करवाया जा रहा है। जैसे ही सरकार पद स्वीकृत करती है शिक्षकों की नियुक्ति कर दी जाएगी।
– विजय सिंह ठाकुर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक

Related posts