शिकायत कक्ष में नहीं मिला कोई भी कर्मचारी

करियां (चंबा)। हरदासपुरा में स्थित बिजली बोर्ड के शिकायत कक्ष में कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं होने से जुखराड़ी के ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जुखराड़ी गांव के वार्ड पंच संजीव कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम को करीब सात बजे जब क्षेत्र की बिजली चल गई, तो वह ग्रामीणों को लेकर हरदासपुरा में बिजली नहीं होने की शिकायत दर्ज करवाने पहुंचे। इस दौरान शिकायत कक्ष में कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि ग्रामीण करीब एक घंटे तक कर्मचारी का इंतजार करते रहे, परंतु वहां पर कोई भी कर्मचारी नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि इस बात की शिकायत उन्होंने संबंधित जेई से की तो इस पर जेई ने कहा कि वह जिला से बाहर हैं। उन्होंने कहा रात के समय बिजली नहीं होने से बच्चों को अपनी पढ़ाई पूरी करने में सबसे ज्यादा कठिनाई पेश आ रही है। बिजली के यह अघोषित कट पिछले कई महीनों से लगाए जा रहे हैं। जुखराड़ी गांव को छोड़कर अन्य किसी भी जगह पर यह समस्या नहीं है। उन्होंने चेताया कि जुखराड़ी गांव में जल्द ही बिजली की समस्या को हल नहीं निकाला गया तो सभी ग्रामीण धरना देने से भी गुरेज नहीं करेंगे। इस अवसर पर अजय कुमार, शम्मी कुमार, प्रवीन कुमार, संजय कुमार, दीपक कुमार, ओम प्रकाश, राज कुमार, अशोक कुमार, रमेश कुमार और हेम सिंह उपस्थित रहे। देर शाम तक भी क्षेत्र की बिजली दुरुस्त करने कोई कर्मचारी नहीं मिल पाया था। एक्सईएन विद्युत बोर्ड एमएल शर्मा ने बताया कि शिकायत कक्ष में कर्मचारी तैनात रहते हैं। शायद कर्मचारी कहीं दूसरी शिकायत पर गए होंगे। उन्होंने कहा कि वह एसडीओ को समस्या का समाधान करने के निर्देश दे रहे हैं।

Related posts