
कुल्लू। खराहल घाटी के आराध्य देवता माहुटी नाग अपने शाही स्नान से लौट कर देवालय पहुंच गए हैं। मंदिर पहुंचने पर देवता के हारियानों और देवलुओं ने देवता का फूलों से भव्य स्वागत किया। इस मौके पर घाटी के सैकड़ों ग्रामीणों ने देवता के मंदिर पहुंचकर शीश नवाजा। शुक्रवार को मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया, जिसमें घाटी के दूरदराज गांव के लोगों ने देवालय में आकर देवता के दर्शन कर सुख-शांति की कामना की। देवलु सोभा राम, भगत राम तथा ज्ञान चंद ने बताया कि देवता शाही स्नान के लिए तीन साल बाद मणिकर्ण गए थे। देव यात्रा में घाटी के सैकड़ों हारियानों तथा देवलुओं ने भाग लिया। देवता के कारदार अमर नाथ ने बताया कि शाही स्नान देवता के शुद्धि और शक्ति अर्जित करने के लिए किया जाता है। शुक्रवार सुबह मंदिर में सबसे पहले पूजा अर्चना की गई और बाद में धार्मिक अनुष्ठान कर देव भोज का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
